भास्कर न्यूज | कवर्धा राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस पर जिले की 42 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का वर्चुअल शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर से कार्यक्रम में जुड़कर ग्रामीणों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वर्चुअल माध्यम से ग्राम सभाओं से जुड़कर पंचायती राज दिवस पर अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री ने ग्राम भोंदा की सरपंच कुंज बाई पटेल, महतारी वंदन योजना की हितग्राही कविता पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए रेनवाटर हार्वेस्टिंग को अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शासन तुंहर द्वार योजना के साथ जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने 24 अप्रैल से शुरू हो रहे मोर गांव मोर पानी, अभियान की जानकारी दी। इसके तहत तालाब, रेनवाटर हार्वेस्टिंग और अन्य संरचनाओं का निर्माण होगा। सभी ग्राम पंचायतों को भू-जल स्तर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे ग्रामीणों को गांव में ही वित्तीय लेनदेन और शासकीय दस्तावेजों की सुविधा मिलेगी। 73वें संविधान संशोधन के तहत पंचायती राज को संवैधानिक दर्जा मिला है, जिससे स्थानीय शासन को मजबूती मिली है। ग्राम पंचायत भोंदा में हुए कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे मौजूद रहे। ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया: कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि जिले की 471 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं हुईं। ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। सभी को पानी बचाने की शपथ दिलाई गई। सामूहिक प्रयासों से जल संरक्षण में सफलता मिलेगी। जिला पंचायत के सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अटल डिजिटल सेवा केंद्रों से ग्रामीणों को गांव में ही नकद निकासी की सुविधा मिलेगी।


