नरसिंहपुर जिले में सीआईएसएफ (CISF) की गाडरवारा इकाई ने एक जरूरतमंद छात्रा की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। जवानों और अफसरों ने मिलकर 10वीं की छात्रा सोनम मेहरा के ऑपरेशन के लिए महज दो दिन में 1 लाख 15 हजार 501 रुपए जुटाए और उसके खाते में जमा कराए। चीचली के कन्या स्कूल में पढ़ने वाली 14 साल की सोनम की रीढ़ की हड्डी में गंभीर दिक्कत है। एम्स भोपाल के डॉक्टर्स ने ऑपरेशन का खर्च 8 लाख रुपए बताया था। सोनम के पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं और मां मजदूरी करके 5 बेटियों को पाल रही हैं। आयुष्मान कार्ड से 5 लाख की मदद तो मिल गई थी, लेकिन बाकी पैसों का इंतजाम करना परिवार के बस के बाहर था। जवानों ने 2 दिन में जुटाए पैसे जब ‘UPAY’ एनजीओ के जरिए सीआईएसएफ को इस बात का पता चला, तो उप कमांडेंट श्रेय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में जवानों ने अपनी मर्जी से चंदा इकट्ठा करना शुरू किया। शुक्रवार को स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में यह राशि सोनम को सौंप दी गई। नई जिंदगी की उम्मीद मदद पाकर सोनम और उसकी मां भावुक हो गईं। उप कमांडेंट पाण्डेय ने कहा कि सीआईएसएफ सिर्फ सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि समाज की सेवा के लिए भी हमेशा तैयार रहती है। इस मदद से अब सोनम के ऑपरेशन का रास्ता साफ हो गया है और उसे एक नई जिंदगी की उम्मीद मिली है।


