जशपुर पुलिस ने 120 क्विंटल अवैध धान पकड़ा:झारखंड से लाए जा रहे चार पिकअप वाहन जब्त

जशपुर पुलिस ने अवैध धान तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने बुधवार तड़के झारखंड से लाए जा रहे 120 क्विंटल धान से भरे चार पिकअप वाहनों को जब्त किया। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों को हिरासत में लेकर धान और वाहनों को जिला प्रशासन के सुपुर्द कर दिया है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 3 दिसंबर की सुबह लगभग 4 बजे सिटी कोतवाली पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गलौंडा के ग्रामीण रास्ते से चार पिकअप वाहन झारखंड से भारी मात्रा में धान लेकर छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन आते दिखे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। झारखंड के हैं तीनों ड्राइवर वाहनों को रोकने के बाद पुलिस ने ड्राइवरों से पूछताछ की। वाहन क्रमांक CG14-MU-9347 के ड्राइवर ने अपना नाम जीत वाहन (23 वर्ष), निवासी भागलपुर, जिला जशपुर बताया। अन्य तीन वाहनों (क्रमांक JH01-FG-8689, JH01-FC-816, और JH01-FC-7695) के ड्राइवरों की पहचान विकास कुमार (25 वर्ष), चंदन कुमार (25 वर्ष) और रोहित रौतिया (25 वर्ष) के रूप में हुई। ये सभी ग्राम चैनपुर, जिला गुमला (झारखंड) के निवासी हैं। पूछताछ में चालकों ने स्वीकार किया कि वे धान को झारखंड से जशपुर लाकर एक राइस मिल तक पहुंचा रहे थे। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर ड्राइवर कोई कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने चारों पिकअप वाहनों और उनमें लदे कुल 120 क्विंटल धान को जब्त कर लिया। आगे की कार्यवाही के लिए जब्त सामग्री को जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *