जशपुर पुलिस ने नाबालिग का अपहरण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक सप्ताह के अंदर तीन नाबालिग बच्चियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा। पुलिस ने एक बच्ची को पंजाब से और दो को रायगढ़ से बरामद किया है। 11 दिसंबर 2024 को कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक 17 साल की नाबालिग के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई थी। जांच में पता चला कि दिलीप सिंह (24) उसे शादी का झांसा देकर पंजाब ले गया था। पुलिस ने तकनीकी टीम और मुखबिरों की मदद से जिला कपूरथला से बच्ची को बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर बीएनएस एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेजा गया। नारायणपुर थाना क्षेत्र से 7 फरवरी को दो नाबालिग बच्चियां लापता हुई थीं। चम्पा बाई (30) नामक महिला उन्हें नौकरी का झांसा देकर रायगढ़ ले गई थी। पुलिस ने दोनों बच्चियों को बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस की टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक 142 से अधिक गुमशुदा बच्चों को खोजकर उनके परिवारों को सौंपा जा चुका है। एसएसपी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।


