जशपुर पुलिस ने 30 क्विंटल अवैध धान पकड़ा:ओडिशा से छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश नाकाम, जिले में अब तक 1899 क्विंटल अवैध धान जब्त

जशपुर पुलिस ने अवैध धान परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ओडिशा से छत्तीसगढ़ में खपाने लाए गए 30 क्विंटल अवैध धान समेत एक पिकअप जब्त किया गया है। जिसकी कीमत 69 हजार रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच की गई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 दिसंबर 2025 की शाम करीब 08:30 बजे हुई। चौकी दोकड़ा पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी, तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि, एक सफेद रंग की पिकअप (क्रमांक OD-16-P-3960) में भारी मात्रा में धान लोड है। जिसे ओडिशा से ग्रामीण रास्तों के जरिए बांसबहार–बंदरचुआ की ओर ले जाया जा रहा है। 70 बोरियों में 30 क्विंटल धान बरामद सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी दोकड़ा पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। ग्राम बांसबहार चौक के पास संदिग्ध पिकअप को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में 70 बोरियों में कुल 30 क्विंटल धान लोड पाया गया। पुलिस पूछताछ में पिकअप ड्राइवर ने अपना नाम नरेंद्र गुप्ता (36) निवासी ग्राम कुंजारा–नीम टोली थाना कुनकुरी बताया। ड्राइवर ने धान को अपना निजी बताया, लेकिन जब पुलिस ने धान से संबंधित वैध दस्तावेज या मंडी टोकन की मांग की, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए मामले को जिला प्रशासन को सौंप दिया है। अब तक 1899 क्विंटल अवैध धान जब्त जशपुर पुलिस अब तक अवैध धान परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 ट्रक, 21 पिकअप और 2 ट्रैक्टर से कुल 1,899 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा चुकी है। इनमें थाना लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर, बागबहार, पंडरापाठ, दुलदुला, तपकरा, कुनकुरी, कोल्हेनझरिया, ऊपर कछार सहित कई थाने और चौकी क्षेत्रों की कार्रवाइयां शामिल हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि, दोकड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से धान परिवहन करते एक पिकअप से 30 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा गया है। जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन पर लगातार नजर बनाए हुए है और आगे भी ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी। बॉर्डर पर चल रही चेकिंग बता दें कि, छत्तीसगढ़ में धान खरीदी चालू है, जिसे देखते हुए सरहदी राज्यों और जिले के भीतर से धान बिचौलियों ने अवैध रूप से मंडियों में खपाने की कोशिशें की जा रही है। जिसे रोकने पुलिस-प्रशासन ने सरहदी रास्तों पर नाकाबंदी, संदिग्ध वाहनों की निरंतर चेकिंग और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *