जशपुर पुलिस द्वारा संचालित 11 दिवसीय महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान का समापन कुनकुरी क्षेत्र के ग्राम मयाली में किया गया। यह अभियान महिला सुरक्षा रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 1 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक जिले भर में चलाया गया था। अभियान के तहत जिले के शहरी, ग्रामीण, दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक करना था। समापन कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, यूनिसेफ के स्वयंसेवकों, जय हो टीम और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं सहित 500 से अधिक लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सामाजिक कुरीतियों और विभिन्न कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। महिला सशक्तिकरण के महत्व पर जोर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष सुशीला साय ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता और स्वयं की पहचान ही महिला सशक्तिकरण का मूल आधार है। सुशीला साय ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरपंच के रूप में उन्होंने गांव की समस्याओं और विवादों का समाधान किया। उन्होंने महिलाओं से नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक विकास की कुंजी बताते हुए बालिकाओं की निरंतर शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष बल दिया। जोकारी ग्राम की सरपंच मंजू भगत ने महिला सुरक्षा से संबंधित विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को खेल, शिक्षा, रोजगार सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के लिए खड़े होने का संदेश दिया।


