जसरापुर क्षेत्र में पीपली स्टैंड से किल्तानी जोहड़ तक की सड़क की बदहाली को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क के तत्काल पुनर्निर्माण की मांग की है। एमडीआर-93 झुंझुनूं–खेतड़ी मार्ग पर स्थित यह सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सुरेश भांडोरिया, राजेंद्र महरिया और विक्रम सिराधना के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि लगभग 3 किलोमीटर लंबी यह सड़क करीब 13 वर्ष पहले पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनाई गई थी। लंबे समय से इसकी कोई मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे यह अब पेचवर्क के लायक भी नहीं बची है। इस सड़क का उपयोग बड़ी संख्या में विद्यार्थी, ग्रामीण, ढाणीवासी और वाहन चालक रोजाना करते हैं। किल्तानी जोहड़ में एक विद्यालय होने के कारण बच्चों को इसी मार्ग से स्कूल जाना पड़ता है। सड़क की खराब हालत के कारण कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता है। बरसात के दिनों में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है। पानी भरे गड्ढों के कारण बाइक सवार संतुलन खोकर कई बार चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कोई वैकल्पिक रास्ता न होने के कारण उन्हें इसी सड़क से गुजरना पड़ता है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का समाधान समय पर नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस प्रदर्शन में सुभाष धानिया, सूबेदार गुरुदयाल, शिवराम धनिया, बृजलाल भांडोरिया, लालचंद गुर्जर, मनीराम महरिया, शीशराम सिराधना, राम सिंह धानिया, सुनील धानिया, सुमित धानिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


