तिजारा–खैरथल जिले में तिजारा के खलीलपुर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतका का शव अस्पताल में हैं। पीहर पक्ष के लोग अयोध्या से आएंगे। उसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के अनुसार जांच होगी।
अयोध्या के सतहरी गांव निवासी सुरजीत की 24 वर्षीय पुत्री खुशबू का विवाह करीब डेढ़ साल पहले तिजारा के खलीलपुर गांव निवासी मोनू जाट से हुआ था। दंपती का पांच माह का एक बच्चा भी है। शनिवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद रविवार तड़के करीब चार बजे खुशबू ने जहरीली दवा का सेवन कर लिया।
परिजनों को जानकारी मिलने पर उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अलवर रेफर किया गया। रास्ते में अलवर के जेल चौराहे के समीप 108 एंबुलेंस का टायर फटने से कुछ समय तक देरी हो गई। जिससे विवाहिता की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर तिजारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


