जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय हाई स्कूल मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए अंतिम रिहर्सल संपन्न हो गया है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय और जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने तैयारियों का जायजा लिया। अंतिम रिहर्सल में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। रिहर्सल के दौरान परेड, पी.टी. और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। जिला स्तरीय समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का भी अभ्यास किया गया। मुख्य अतिथि के मंच आगमन से लेकर परेड, मार्च-पास्ट की सलामी और कार्यक्रम के समापन तक सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। परेड में शामिल टुकड़ियों ने देशभक्ति धुनों के साथ अनुशासित प्रदर्शन किया। मौके पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंधों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य तैयारियों के संबंध में भी निर्देश दिए गए। गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। जिले में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में वित्त मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। वे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे।


