जांजगीर-चांपा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे न देने पर एक महिला के घर में आग लगाने और तोड़फोड़ करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने घर में घुसकर मां-बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने बताया कि वह 16 जनवरी को अपने निजी काम से जांजगीर मार्केट गई हुई थी। घर पर उसकी बेटी अकेली थी। इसी दौरान मोहन राठौर (32 वर्ष) और उसका दोस्त अमित यादव (39 वर्ष) घर पहुंचे और शराब पीने के लिए लगातार पैसे की मांग करने लगे। बेटी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पड़ोसियों के समझाने पर वे वहां से चले गए। कुछ देर बाद, दोपहर करीब 1 बजे, दोनों आरोपी एक बोतल में पेट्रोल लेकर वापस आए। उन्होंने घर के दरवाजे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे दरवाजा पूरी तरह जल गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। बार-बार मना करने के बावजूद, दोनों आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की। सिटी कोतवाली जांजगीर में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने अलग-अलग जगहों से मोहन राठौर और अमित यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने शराब पीने के लिए पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देने, गाली-गलौज करने और घर में पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात स्वीकार की है। उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


