छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में जल संरक्षण को लेकर मोर गांव-मोर पानी महाभियान की शुरुआत हुई है। जिले में क्लस्टरवार प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से शुरू किया गया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के मार्गदर्शन में बलौदा और बम्हनीडीह जनपद पंचायतों के प्रथम क्लस्टर में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और बिहान योजना की महिला सदस्याएं शामिल हुईं। अधिकारियों ने प्रशिक्षण में जल स्रोतों की पहचान और संरक्षण पर जोर दिया। मनरेगा और जल जीवन मिशन के माध्यम से जल संरक्षण कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा। नालों, तालाबों, कुओं और बोरवेल की सफाई व गहरीकरण में जनभागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जन-जागरूकता के लिए जल शपथ, रैली, दीवार लेखन और पौधारोपण की गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है। सभी विभागों के समन्वय से साफ-सफाई और पौधारोपण को बढ़ावा दिया जाएगा। ग्राम स्तर पर जल सुरक्षा योजना बनाई जाएगी। जल संरचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन किया जाएगा। समुदाय में जल बचत के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


