जांजगीर-चांपा जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल दो धारदार चाकू और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार, सिवनी नैला निवासी राकेश सूर्यवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका छोटा भाई रोशन सूर्यवंशी उर्फ छोटे दादू 7 फरवरी की रात करीब 10 बजे अपने दोस्त के साथ गांव के तालाब की ओर घूमने निकला था। रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि अम्हा तालाब के पास आशीष सूर्यवंशी और अतुल महंत से विवाद के बाद रोशन पर चाकू से पेट में जानलेवा हमला किया गया। घायल रोशन सूर्यवंशी को परिजन तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। फरारी के दौरान भी हथियार से किया हमला घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। फरारी के दौरान आरोपी आशीष सूर्यवंशी ने नैला निवासी यशवंत यादव पर भी गाली-गलौज करते हुए हत्या की नीयत से धारदार हथियार से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में प्रार्थी मनोज कुमार यादव की रिपोर्ट पर आरोपी आशीष सूर्यवंशी के विरुद्ध हत्या के प्रयास का एक अलग मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना, कोतवाली और नैला चौकी की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों से दोनों आरोपियों अतुल महंत (19 वर्ष), निवासी ग्राम कन्हईबंद, और आशीष सूर्यवंशी (22 वर्ष), निवासी भाठापारा, नैला को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है।


