जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह पुलिस ने अपने बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में 20 वर्षीय साहिल खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह घटना 11 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे बम्हनीडीह के मुसलमान मोहल्ले में हुई। जानकारी के अनुसार, साहिल खान और उसके बड़े भाई सफर खान के बीच लकड़ी काटने को लेकर विवाद शुरू हो गया था। लकड़ी काटने को लेकर विवाद में किया हमला विवाद बढ़ने पर साहिल खान ने गुस्से में आकर अपने बड़े भाई सफर खान के सीने पर चाकू से वार कर दिया। सफर खान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें जांजगीर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा बम्हनीडीह थाने में संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था। सोमवार को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी साहिल खान को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।


