जांजगीर-चांपा में राइस मिल से 7 करोड़ धान जब्त:अकाउंटिंग और रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई, राजनांदगांव में भी 1.46 करोड़ का माल बरामद

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शुक्रवार को राइस मिल से करीब 7 करोड़ रुपए का धान जब्त किया है। खाद्य विभाग की छापामार कार्रवाई के दौरान मिल के अकाउंटिंग और रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई। जिसके बाद टीम ने 56,417 बोरी धान जब्त किया है। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है। राजनांदगांव जिले में 1.46 करोड़ का अवैध धान पकड़ाया है। गुरुवार रात रानीतालाव-पाटेकोहरा के बीच पुलिस ने नाकेबंदी कर चेकिंग की। इस दौरान महाराष्ट्र से आ रहे 6 बड़े ट्रकों को रोका गया। इसके साथ ही अलग-अलग चेकपोस्ट पर धान लोड 4 गाड़ी पकड़ाई। जांच करने पर सभी गाड़ियों में धान मिले। जिसका कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने सभी गाड़ियों को जब्त कर 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। देखिए राजनांदगांव की ये तस्वीरें- पहला मामला जांजगीर-चांपा के हरि राइस मिल का जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम नेगुडीह स्थित श्री हरि राइस मिल पर खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान मिल के अकाउंटिंग और रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई। पूछताछ में करने पर 56,417 बोरी धान अवैध पाया गया। जिसका कुल वजन 22,566.80 क्विंटल है। ऐसे में टीम ने 56,417 बोरी धान जब्त किया। जिसकी कीमत 7 करोड़ रुपए आंकी गई है। जांच के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध धान किसी भी स्थिति में समिति में खरीदी के दौरान नहीं खपाया जा सकेगा। कोचियों, बिचौलियों पर निगरानी उन्होंने कहा कि राजस्व, खाद्य, मंडी और सहकारिता विभाग की संयुक्त उड़नदस्ता टीम लगातार गश्त कर रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर जनमेजय महोंबे के निर्देशानुसार की गई। निरीक्षण के दौरान मिल के रिकॉर्ड में गड़बड़ी और संचालन में अनियमितताएं पाई गईं। मिल के प्रोपराइटर झामलाल साहू भी मौके पर मौजूद थे। दूसरा मामला राजनांदगांव के अलग-अलग थाना क्षेत्र का राजनांदगांव जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और प्रशासन ने 1 करोड़ 46 लाख 90 हजार रुपए कीमत का धान जब्त किया है। यह कार्रवाई गुरुवार रात रानीतालाव–पाटेकोहरा मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान की गई। पुलिस ने महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे 6 बड़े ट्रकों को रोका। जांच में ट्रकों में लोड धान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके अलावा जिले के अलग-अलग चेकपोस्ट पर धान से लदी 4 पिकअप गाड़ियों को भी पकड़ा गया। 2170 कट्टा धान और 10 वाहन जब्त कार्रवाई के दौरान कुल 2170 कट्टा (लगभग 845 क्विंटल) धान और 10 वाहन (6 ट्रक और 4 पिकअप) जब्त किए गए। जब्त धान और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 46 लाख 90 हजार 800 रुपए आंकी गई है। अंतरराज्यीय सीमाओं पर 24 घंटे निगरानी कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर जिले की अंतरराज्यीय सीमाओं पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। इसी के तहत 15 जनवरी की रात पाटेकोहरा बैरियर और एनएच-53 (रानीतालाव–पाटेकोहरा के बीच) पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। संगठित गिरोह का खुलासा, बिचौलिया गिरफ्तार जांच में सामने आया है कि अवैध धान परिवहन में एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो बार-बार धान खपाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने एक बिचौलिए को गिरफ्तार किया है और इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपियों में ओम गुप्ता, नितिन अग्रवाल, पंकज अग्रवाल (आमगांव, महाराष्ट्र), विष्णु अग्रवाल (डोंगरगढ़) शामिल हैं। कलेक्टर ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा कि धान खरीदी के अंतिम दिनों में बिचौलियों की गतिविधियां तेज हो जाती हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति में अवैध धान की खपत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *