भास्कर संवाददाता | बड़वानी प्रदेश की जीवनदायिनी मां नर्मदा का जयंती महोत्सव इस बार शहर के समीप मां नर्मदा जागीदारपुरा नए घाट पर मनाया जाएगा। अगले महीने जनवरी में 4 दिनी आयोजन होंगे। 1008 ईश्वरानंद उत्तम स्वामी महाराज के सानिध्य व 108 रामदास त्यागी राम बाबा के मार्गदर्शन में यह आयोजन होंगे। मां नर्मदा जागीरदारपुरा घाट निर्माण समिति अध्यक्ष अजयसिंह ठाकुर व सचिव ठाकुर कनकसिंह दरबार ने बताया कि 22 से 25 जनवरी तक रोजाना दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक पं. अंकित शर्मा नर्मदा पुराण कथा का रसपान कराएंगे। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक कथा होगी। कार्यक्रम के अंतर्गत 24 जनवरी को सुबह 10 बजे चुनरी यात्रा निकलेगी और कन्या भोज होगा। इसमें ईश्वरानंद महर्षि उत्तम स्वामी महाराज शामिल होंगे। सरदार सरोवर बांध के चलते रोहिणी तीर्थ राजघाट जलमग्न है। बीते वर्षों में यह आयोजन बैकवाटर किनारे होता आया है। इस बार मां नर्मदा जयंती पहली बार जागीरदारपुरा के नए घाट पर मनाई जाएगी। इस बार नर्मदा जयंती महोत्सव का यह 35वां वर्ष है। आयोजन समिति सदस्यों ने बताया 25 जनवरी को विधायक राजन मंडलोई मां नर्मदा को चुनरी चढ़ाएंगे। मां नर्मदा का दुग्धाभिषेक कर महाआरती की जाएगी। दोपहर 12 बजे से भंडारा होगा। शाम के समय मां नर्मदा की पालकी यात्रा निकालकर महाआरती की जाएगी। देर शाम हजारों दीपकों से मां नर्मदा का तट जगमगाएगा। नर्मदा जयंती को लेकर आयोजन समिति का गठन किया गया है। इसमें अध्यक्ष कैलाश केवट (मुन्ना भाई), उपाध्यक्ष धीरज मालवीया, पवन केट, घीसालाल वर्मा, राजेंद्र दरबार, बहादुरसिंह, कनक दरबार व जितेंद्र गोले, सचिव ठाकुर देवेंद्रसिंह सोलंकी, सह सचिव पवन केवट, कोषाध्यक्ष दिनेश केवट को बनाया है। लोकेश मालवीया, वीरेंद्र चौहान, सुनील वर्मा, देवेंद्र वर्मा, अनिल वर्मा, पप्पू दरबार, संतोष केवट, मुकेश केवट, गणेश केवट, जामसिंंग, मंशाराम यादव को कार्यकारिणी में शामिल किया है।


