करौली जिले की ग्राम पंचायत गुरदह की जाटव बस्ती नावतेकापुरा में पिछले 11 महीने से पेयजल आपूर्ति ठप है। इस समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और तत्काल जलापूर्ति बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती में सरकारी टंकी से नल कनेक्शनों के माध्यम से लंबे समय तक नियमित पेयजल आपूर्ति होती थी। हालांकि, पिछले 11 महीनों से कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से आपूर्ति रोक दिए जाने के कारण बस्ती सूखे की मार झेल रही है। दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर है लोग
नलों में पानी नहीं आने से लोगों को दूर-दराज के स्थानों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को इस कारण सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस समस्या को कई बार पेयजल विभाग के कर्मचारियों के समक्ष उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर जलापूर्ति बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और सरकारी टंकी से नलों द्वारा नियमित आपूर्ति तुरंत शुरू करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में ग्रामीण, जिनमें महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।


