जानलेवा हमले के 5 आरोपी गिरफ्तार:दो मामलों चल रहे थे फरार, 6 आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार

जोधपुर के देवनगर थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले की वारदातों में शामिल वांछित बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। थानाधिकारी सोमकरण के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सीएसटी के सहयोग से मुख्य आरोपी सदाम उर्फ मकोड़ा सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो मामलों में अब तक दो हिस्ट्रीशीटर समेत 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पहला मामला सिंधी बस्ती निवासी अमन खान ने रिपोर्ट देकर बताया कि 17 नवंबर 2025 की रात शाहरुख खान, संजय खान, नादिर खान, असलम उर्फ गटू, शोएब खान सहित अन्य आरोपियों ने उसके घर पर हमला किया। देर रात करीब 2 बजे दोबारा आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी टैक्सी, बुलेट मोटरसाइकिल व कांच के दरवाजे तोड़ दिए। आरोपियों ने घर में घुसकर उसकी मां के साथ मारपीट की, जिससे जान बचाकर उन्हें बाहर भागना पड़ा। दूसरा मामला अमन खान ने फिर एक और रिपोर्ट देकर बताया कि 27 नवंबर 2025 की रात करीब 11:40 बजे वह अपने साथी जावेद खान उर्फ टाइगर के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहा था। बाबा रामदेव रोड, मसूरिया रोटरी स्कूल के पास एक स्विफ्ट कार में सवार 5–6 युवकों ने दोनों पर हमला कर दिया। लोहे के पाइप से जावेद उर्फ टाइगर के सिर, हाथों व चेहरे पर वार किए गए, वहीं अमन खान पर भी जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों में सदाम उर्फ मकोड़ा, हसन उर्फ भया, अयूब खान, बिलाल उर्फ हवड़ा, शहनाज व अफजल शामिल बताए गए। इस पर भी देवनगर थाने में मामला दर्ज हुआ। इनको किया गिरफ्तार घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए देवनगर थाना पुलिस ने लगातार पीछा करते हुए आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सदाम उर्फ मकोड़ा (30) निवासी सिंधी बस्ती, मसूरिया, वीरेंद्र सिंह (23) निवासी श्याम नगर, पाल लिंक रोड, इरफान खान (23) निवासी सिंधी बस्ती, मसूरिया, अतीक (29) निवासी सिंवाची गेट, खांडाफलसा, परवेज (25) निवासी सिंधी बस्ती, मसूरिया शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी झगड़ालू प्रवृत्ति के शातिर बदमाश हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व इस प्रकरण में बिलाल खान उर्फ हवड़ा, अगजद खान उर्फ राणा गेहर, शाहरुख खान, यूसुफ खान उर्फ संजय, असलम खान व नादिर खान को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *