भास्कर न्यूज | जामताड़ा आदर्श विद्यालय जामताड़ा में रविवार को जिला सीआरपी/बीआरपी संघ की ओर से सेवानिवृत्त संकुल साधन सेवियों को सम्मानित करने के लिए भावपूर्ण विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त संकुल साधन सेवी जवाहरलाल साहू, सहदेव मंडल, तलत खां और राघवेंद्र नारायण सिंह को संयुक्त रूप से सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में उपस्थित संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभी सेवानिवृत्त सीआरपी साथियों को फूल-माला पहनाकर, बुके, पैंट-शर्ट एवं मिठाई भेंट कर गरिमामयी विदाई दी। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल के दौरान किए गए उल्लेखनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इन सभी वरिष्ठ सदस्यों ने शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनकी सेवाएं सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन मकसूद अंसारी ने कुशलता पूर्वक किया। इस दौरान संघ के अध्यक्ष वरुण राणा, प्रताप गुप्ता, ललन कुमार, प्रभात सिन्हा, नूतन झा, अकबर हुसैन, फैज अकरम, राजेश गुप्ता, सोमेन कुमार, अजय कुमार सिंह, श्यामसुंदर पंडित, सिन्हा जी सहित बड़ी संख्या में बीआरपी और सीआरपी सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने सेवानिवृत्त साथियों की कार्यशैली, समर्पण और सहयोग की भावना को याद करते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन ने हमेशा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद की है। सभी ने मिलकर उन्हें हर्ष और सम्मान के साथ विदाई दी और उनके आगे के जीवन को सफल एवं आनंदमय होने की शुभकामनाएँ दीं। इस भावनात्मक और सौहार्दपूर्ण कार्यक्रम ने उपस्थित सभी सदस्यों को एक बार फिर यह एहसास दिलाया कि शिक्षा समुदाय में आपसी सहयोग, सम्मान और एकजुटता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।


