चित्तरंजन लोकोमोटिव कारखाना (चिरेका) में ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत 27 वर्षीय रवि रंजन सिंह का शव रविवार को फतेहपुर डैम में मिला। जामताड़ा जिले के मिहिजाम निवासी रवि शुक्रवार सुबह से लापता थे। पुलिस ने बताया कि शव औंधे मुंह पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर और हाथों पर चोट के निशान पाए गए हैं। सूचना मिलते ही चित्तरंजन पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आसनसोल भेज दिया गया है। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। रवि पहले चित्तरंजन के 86 नंबर स्ट्रीट स्थित रेलवे क्वार्टर में रहते थे। पिता की सेवानिवृत्ति के बाद वह मिहिजाम स्थित अपने घर में रहने लगे थे। पुलिस मामले की हर दिशा में जांच कर रही है। हत्या के कारणों और संभावित आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मामले में अधिक स्पष्टता आने की उम्मीद है। घटना से मिहिजाम और चित्तरंजन क्षेत्र में शोक की लहर है।


