भास्कर न्यूज | जामताड़ा जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग विभाग वित्तीय वर्ष 2025-26 में जामताड़ा जिला प्रशासन ने गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले के लिए 22,000 कंबलों का टेंडर जारी किया गया है। सूरज ढलते ही शाम के समय ठंड अचानक बढ़ जाती है। जिससे गरीब और बेघर वर्ग के लिए रातें और कठिन हो जाती हैं। कंबल वितरण प्रक्रिया शुरू न होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अब भी बिना कंबल के ठंड से जूझ रहे हैं। प्रशासन के अनुसार कंबल आपूर्ति प्रक्रिया पूरी होते ही शीघ्र वितरण शुरू किया जाएगा। ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके। वहीं स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ठंड बढ़ने से पहले कंबलों का वितरण तेज गति से कराया जाए, ताकि शीतलहर से होने वाली परेशानियों से अभावग्रस्त को बचाया जा सके। जामताड़ा मौसम का विवरण सोमवार, 24 नवंबर: मौसम धूप वाला रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 26°C से 27°C और न्यूनतम तापमान 15°C रहने की संभावना है। हवा की गति हल्की से मध्यम (लगभग 10 किमी/घंटा) होगी। मंगलवार, 25 नवंबर: मौसम साफ और धूप खिली रहेगी। अधिकतम तापमान लगभग 26°C और न्यूनतम तापमान 15°C के आसपास रहने का अनुमान है। बुधवार, 26 नवंबर: दिनभर धूप रहेगी। अधिकतम तापमान लगभग 25°C से 26°C और न्यूनतम तापमान 14°C रहने की उम्मीद है। पिछले वर्ष देर से मिला था कंबल: उदलबनी मुखिया उदलबनी की मुखिया रानी पावरिया ने बताया कि वर्ष 2024-25 में सामाजिक सुरक्षा कोषांग विभाग की ओर से कंबलों का वितरण फरवरी माह में किया गया था। जब ठंड लगभग समाप्त हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर राहत नहीं मिल पाने से लोगों को कड़ी ठंड झेलनी पड़ी थी। इस वर्ष भी कंबल वितरण में विलंब की आशंका को देखते हुए उन्होंने प्रशासन से राहत सामग्री जल्द उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि अभावग्रस्त लोगों को समय पर सहायता मिल सके।


