जामताड़ा में आग तापने के दौरान युवक झुलसा, मौत:परिजनों ने एंबुलेंस देरी से पहुंचने का लगाया आरोप, निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल

जामताड़ा जिले के करमाटांड़ बस्ती में सोमवार शाम आग तापते समय एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के दौरान मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान इबरार अंसारी (पिता अनाउल अंसारी) के रूप में हुई है। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए इबरार आग ताप रहे थे, तभी अचानक आग की लपटें तेज हो गईं और उनके कपड़ों में आग लग गई। आग तेजी से इबरार के कपड़ों में फैल गई। पास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उनके जलते कपड़े हटाए, लेकिन तब तक उनका ऊपरी शरीर बुरी तरह झुलस चुका था। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल करमाटांड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया। एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची: स्थानीय स्थानीय निवासी मोहम्मद उस्मान ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। गुलाम अंसारी के अनुसार, 108 एंबुलेंस सेवा को लगातार फोन किया गया, लेकिन लगभग एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने घायल इबरार को निजी वाहन से जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। जामताड़ा सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए इबरार अंसारी को धनबाद पीएमसीएच रेफर कर दिया। मंगलवार तड़के करीब 3 बजे उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पांच छोटे बच्चों, जिनमें चार बेटे और एक बेटी शामिल हैं, को छोड़ गए हैं। मामला संज्ञान में आया है। अगर एंबुलेंस आने में देरी हुई है तो जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। -आनंद मोहन सोरेन, सिविल सर्जन

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *