जामताड़ा साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ये अपराधी कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सामुपोखर के पास साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे। जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल और उनकी टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सत्यापन किया और चारों अपराधियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में अफजाल अंसारी और शहाबुद्दीन अंसारी (दोनों पिता इम्तियाज मियां, ग्राम कालाझरिया, कर्माटांड़) शामिल हैं। इनके साथ लालू मंडल (सामुपोखर गांव, कर्माटांड़) और गोविंद राणा (पकड़ीह गांव, जामताड़ा थाना) को भी पकड़ा गया है। मैजिशियन ऐप के जरिए मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर लेते थे एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि ये अपराधी फोन पे पर 1999 रुपए का कैशबैक भेजकर ‘मैजिशियन ऐप’ के जरिए पीड़ितों के मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर लेते थे। मोबाइल का एक्सेस मिलने के बाद वे बड़ी ठगी को अंजाम देते थे। एसपी ने जानकारी दी कि पहले वे सीमित पैसे ही निकाल पाते थे, लेकिन मोबाइल का पूरा एक्सेस मिलने के बाद वे मोटी रकम निकालने में सफल हो जाते थे। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से सात मोबाइल फोन, दस सिम कार्ड, दो आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया है। ये अपराधी झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के लोगों को अपना निशाना बनाते थे। जामताड़ा साइबर थाना में इनके खिलाफ कांड संख्या 03/26 दर्ज कर विभिन्न टेलीकम्युनिकेशन एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सभी अपराधियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। साइबर कॉन्फ्रेंस के दौरान कई अन्य साइबर अधिकारी भी मौजूद रहे।


