जामताड़ा साइबर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी एसबीआई खाताधारकों को फर्जी ऐप लिंक भेजकर केवाईसी के नाम पर ठगी करते थे। पुलिस ने इनके पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना जामताड़ा की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी की। थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सकलपुर मुख्य मार्ग से करीब 300 मीटर दाहिनी ओर स्थित पलास झुड़, आम के पेड़ और तालाब के पास से दोनों अभियुक्तों को रंगे हाथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उलफाज अंसारी (37), पिता मजलूम मियां, ग्राम कुरुवा और सूरज मंडल (19), पिता मोहन मंडल, ग्राम बगरूडीह, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 6 मोबाइल फोन, 5 सिम कार्ड, 3 एटीएम कार्ड, 2 आधार कार्ड और 1 पैन कार्ड बरामद किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी एसबीआई बैंक के खाताधारकों को उनके व्हाट्सएप नंबर पर फर्जी ऐप लिंक भेजते थे। इन मैसेज में दावा किया जाता था कि खाता बंद हो गया है और केवाईसी कराने के लिए एक ऐप फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता था। जैसे ही पीड़ित ऐप डाउनलोड करता था, उसकी सारी गोपनीय जानकारी साइबर अपराधियों के हाथ लग जाती थी। इसके बाद वे ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी को अंजाम देते थे। इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 05/26, दिनांक 22 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों का कार्यक्षेत्र पूरे भारत में फैला हुआ था। मामले की आगे की जांच जारी है।


