राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र के पोलखेड़ा गांव से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक एक मासूम बच्चे को डंडे से बेरहमी से पीटता दिख रहा है। बच्चे का कथित कसूर यह था कि उसने बिना पूछे एक बगीचे से कुछ जामफल तोड़ लिए थे। यह घटना लगभग तीन दिन पुरानी बताई जा रही है, जिसका वीडियो शनिवार को सामने आया। वायरल वीडियो में जमीन पर जामफल बिखरे हुए दिखाई देते हैं। एक युवक बच्चे को पकड़े हुए है। बच्चा डरकर रोते हुए दोबारा न आने की गुहार लगा रहा है। इसके बावजूद युवक लगातार गाली-गलौज करते हुए डंडे से उसकी पिटाई करता रहता है। बच्चा अपनी टी-शर्ट में छिपाए हुए जामफल भी निकालकर जमीन पर फेंक देता है और हाथ जोड़कर माफी मांगता है, लेकिन युवक उसे नहीं छोड़ता। दर्द से चीख रहा बच्चा
वीडियो में युवक अपने साथी से बार-बार “वीडियो बनाओ” कहता सुनाई देता है। बच्चा वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से उसे छुड़ाने की विनती करता है। इसके बावजूद, युवक उसे धमकाते हुए डंडे से मारता रहता है। बच्चे के हाथ आगे करवाकर उन पर भी डंडे से वार किया जाता है, जिससे बच्चा दर्द से चीख उठता है। जामफल तोड़ने पर की पिटाई
सूत्रों के अनुसार, जामफल का खेत पोलखेड़ा गांव के एक व्यक्ति का है। बच्चे ने बिना अनुमति फल तोड़ लिए थे, जिससे नाराज होकर खेत मालिक ने उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर पीटना शुरू कर दिया। वीडियो में युवक को बच्चे पर कोई दया दिखाते हुए नहीं देखा गया। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोग आक्रोश में हैं और वे बच्चे के साथ हुई इस अमानवीय घटना पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। माचलपुर थाना प्रभारी TI पूजा परिहार ने बताया, कि इसकी सूचना आई जरूर थी, परन्तु बच्चे के घर वाले पीछे हट गये थे। बच्चे के परिजनों ने इस संबंध में कोई आवेदन थाने में नहीं दिया है।


