जालंधर के आदमपुर इलाके में देर रात एक समाजसेवी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वाल्मीकि सभा से जुड़े वाइस प्रधान और सामाजिक कार्यों में सक्रिय लखण बारी पर 4 अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। हमले में लखण बारी को सिर, हाथ, कोहनी और उंगलियों समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब देर रात आदमपुर नगर काउंसिल क्षेत्र में हुई। लखण बारी उस समय अकेले थे, तभी कार में सवार चार युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों के पास किरपान और बेसबॉल बैट जैसे हथियार बताए जा रहे हैं। सिर पर गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया। घाटना की सुचना मिलते MLA व वाल्मीकि समाज के लोग पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही वाल्मीकि समाज के प्रधान डिंपल, इलाके के लोग और समाज के अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। आदमपुर के विधायक सुखविंदर कुमार कोटली भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से बातचीत की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि लखण बारी किसी भी तरह के नशे या आपराधिक गतिविधियों से जुड़े नहीं हैं और समाज सेवा से जुड़े हुए हैं। वह समय-समय पर रक्तदान शिविर, गरीब परिवारों की मदद और सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहते हैं। हमले के पीछे किसी तरह की निजी रंजिश का कारण भी सामने नहीं आया है। वाहनों में खुलेआम हथियार लेकर घुमने वालों की चैकिंग हो समाज के लोगों ने SSP देहाती से मांग की है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और इलाके में सुरक्षा बढ़ाई जाए। उन्होंने वाहनों की सख्त चेकिंग और अवैध हथियारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


