जालंधर का हार्टअटैक पराठे वाला पहुंचा हाईकोर्ट:कार्ट शुरू कराने की मांग, कहा-पुलिसकर्मियों से झगड़े से बंद; कॉमेडियन कपिल शर्मा को खिला चुका पराठे

जालंधर के हार्ट अटैक पराठे वाले वीर दविंदर सिंह ने पुलिस वालों के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया है। हाईकोर्ट में अर्जी लगाकर उन्होंने कार्ट शुरू करवाने की गुहार लगाई। वीर दविंदर का कहना है कि हाईकोर्ट ने जालंधर पुलिस के अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा है। शहर के मॉडल टाउन में देसी घी के परांठों की कार्ट लगाने वाले वीर दविंदर सिंह ने कहा कि दिवाली वाली रात थाना माडल टाउन के पुलिस कर्मचारियों ने उसके साथ झगड़ा किया था। इसके बाद से उसे कार्ट नहीं लगाने दी जा रही थी। उसे लगातार धमकियां मिल रही थी, जिसके चलते हाईकोर्ट का रुख करना पड़ा। हार्ट अटैक पराठे वाले वीर दविंदर सिंह के परांठों के कई सेलिब्रिटी दीवाने हैं। कॉमेडियन कपिल शर्मा, नूरां सिस्टर्स सहित पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई कलाकार इनकी कार्ट पर पहुंचकर पराठे खा चुके हैं। अब जानिए वीर दविंदर के पुलिस पर क्या आरोप हैं… कॉमेडियन कपिल शर्मा पराठे खाने आए थे, तब भी हुआ था विवाद वीर दविंदर सिंह जालंधर के मॉडल टाउन में पराठे का काउंटर लगाता है। 29 दिसंबर 2023 की रात पराठे खाने के लिए कॉमेडियन कपिल शर्मा परिवार के साथ आए थे। दविंदर ने आरोप लगाया था कि अगले ही दिन जालंधर पुलिस के थाना-6 के SHO अजायब सिंह काउंटर पर आए और उनको साथ ले गए। पुलिस ने उन्हें अपने साथ लिया और थाने ले आई। वीर दविंदर का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने पंजाब के CM भगवंत मान और DGP गौरव यादव से गुहार लगाई थी कि आरोपी पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वीर दविंदर सिंह इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर लगातार कह रहे हैं कि उनकी जान को खतरा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *