जालंधर कुंज में मुस्लिम समुदाय की तरफ से धार्मिक कार्यक्रम करवाया गया। इसमें शाही इमाम पंजाब मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी, पंजाब वक्फ बोर्ड के चेयरमैन मोहम्मद औवैस मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान इलाके में बन रही मस्जिद मोहम्मदी का नींव पत्थर रखा गया। पंजाब वक्फ बोर्ड की तरफ से मस्जिद की डेवलपमेंट को लेकर 10 लाख रुपए ग्रांट देने का एलान भी किया गया है। मस्जिद में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाही इमाम ने कहा कि नमाज इस्लाम में बहुत जरूरी है। नमाज व्यक्ति को गुनाहों से रोकती है। इसे पढ़ने से व्यक्ति बुराइयों से दूर जाता है। उन्होंने कहा कि धर्म के साथ जुड़ कर ही व्यक्ति सफल हो सकता है। हमें अपने मां-बाप, भाई-बहन और बच्चों के साथ हमेशा नर्म रवैया अपनाना चाहिए। माता-पिता की नाफरमानी करने वाला बच्चा कभी कामयाब नहीं होता और अपने पड़ोसियों के साथ भी हमेशा हमदर्दी दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नमाज तो हम घर पर भी पढ़ सकते हैं, लेकिन मस्जिदें इसलिए जरूरी हैं, क्योंकि मस्जिद हमें ऊंच-नीच, रंग भेद का भेदभाव खत्म करवाती है। राजा और भिखारी अगर मस्जिद में नमाज पढ़ेंगे तो एक ही लाइन में खड़े होकर नमाज पढ़ेंगे। इस लिए हमारे नबी ने वर्षों पहले समानता और भाईचारे का संदेश दिया था। इस दौरान चेयरमैन मोहम्मद औवैस ने भी कुरान का हवाला देते हुए लोगों को धर्म के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वक्फ बोर्ड की तरफ से जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों की भी मदद की जा रही है। वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र को अपग्रेड करने पर भी काम किया जा रहा है। इस मौके पर शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन मोहम्मद औवैस, मस्जिद प्रधान मोहम्मद शेरदीन, हैदर अली, मोहम्मद जकवान, मोहम्मद समीर, मोहम्मद काशिफ, उस्मान कुरैशी, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के स्टेट जनरल सेक्रेटरी जब्बार खान, अमजद खान, डॉ. नाजिम, मोहम्मद इकबाल, एडवोकेट मुख्यतार, एडवोकेट आसिम व अन्य लोग मौजूद रहे। मस्जिद का नींव पत्थर रखते मौलाना उस्मान, चेयरमैन मोहम्मद औवैस, शेरदीन, जब्बार खान (दाएं) कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के साथ शाही इमाम , शेरदीन, जब्बार खान, उस्मान कुरैशी व अन्य।


