जालंधर के कपूरथला चौक में 3 युवकों ने पीटकर युवक का कत्ल कर दिया। युवक की पहचान जगदीप (32) के रूप में हुई है। युवक न्यू दशमेश नगर का रहने वाला था। थाना बस्ती बावा खेल पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि युवक पर 1 जनवरी को हमला किया गया था। सिर में चोट के कारण गंभीर हालत में उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। रात साढ़े 9 बजे शोरूम से बाहर निकलते ही दातर मारे
परिवार ने बताया कि जगदीप की अभी शादी नहीं हुई थी। बहन सिमरनजीत कौर ने बताया कि जगदीप सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के सामने स्थित बाइक शोरूम में सेल्समैन था। 1 जनवरी को उनका शोरूम की वर्कशॉप में काम करने वाले मैकेनिक कृष्णा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। हालांकि, यह विवाद उस समय सुलझ गया था, लेकिन कृष्णा ने अपने 2 साथियों को बुलाकर भाई पर हथियारों से वॉर कर दिया। बस्ती बाबा खेल के ASI पर लापरवाही बरतने का आरोप
परिवार और एक समाजसेवी ने बस्ती बाबा खेल के एएसआई नीला राम पर केस में लापरवाही बरतने और तुरंत केस दर्ज न करने का आरोप लगाया। परिवार ने कहा कि जब उन्होंने घटना के बाद थाने में सूचना दी तो पुलिस का कहना था कि थाने आकर शिकायत दें। खुद पर लगे आरोपों के जवाब में ASI नीला राम ने कहा कि जब परिवार का फोन आया तो तुरंत कार्रवाई की गई है। परिवार को गलतफहमी हो रही है और कुछ लोग मौत के बहाने परिवार को उकसा रहे हैं। पुलिस ने अपनी पूरी कार्रवाई की है और अब आरोपियों को अरेस्ट करने के लिए टीम बना दी है। जाने आरोपियों ने कितनी बेरहमी से किया कत्ल


