जालंधर के गाजी गुल्ला के पास बने अंडर ब्रिज के सामने पेट्रोल पंप पर लंबा जाम लग गया है। 1 घंटे से भी ज्यादा समय से लोग जाम में फंसे हैं। ट्रैफिक पुलिस जाम खुलवाने में लगी है।
जाम लगने का कारण नगर निगम की गाड़ियां हैं। बताया जा रहा है कि निगम कर्मी पेट्रोल डलवाने के लिए यहां पहुंचे थे। एक साथ 20 से भी ज्यादा वाहन निगम के पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पहुंच गए। निगम कर्मियों का कहना है कि उन्हें इस पंप से तेल डलवाने का आदेश मिला था। जब कर्मी गाड़ियां लेकर पहुंचे तो पंप ने तेल नहीं डाला। गाड़ियां मोड़ने के कारण जाम की स्थिति बन गई 500 मीटर से भी लंबा जाम
गाजी गुल्ला पेट्रोल पंप पर निगम की एक साथ रोड पर कई गाड़ियां लगने से लगभग 500 मीटर लंबा जाम है। पंप के मैनेजर ने बताया कि नगर निगम का कोई सीनियर अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था इसलिए तेल डालने से मना किया। उनके आने पर ही नगर निगम की गाड़ियों में तेल डाला जाएगा। पेट्रोल पंप संचालक निशान मित्तल के मैनेजर संजीव का कहना है कि अभी तक गाड़ियों में डालने को लेकर किसी भी कर्मी ने पर्ची नहीं दी और ना ही कोई कर्मी इसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार है। नगर निगम के मिस कम्युनिकेशन से लगा जाम
मैनेजर ने माना कि वाहनों के आने से गाड़ियों को निकलने में दिक्कत आई। एक-दूसरे से आगे निकलने के चलते जाम की स्थिति बन गई। वहीं नगर निगम कर्मी ने कहा कि वह नगर निगम की गाड़ियों में पहल दूसरे पंप से तेल डलवाते थे अब उनको यहां से तेल डलवाने के लिए कहा गया। वे मेयर विनीत धीर और नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि के आदेशों पर पंप पर पहुंचे। यहां पंप कर्मियों ने कहा कि कोई ई-मेल नहीं आई है।
निगम कर्मियों ने कहा कि गाड़ियों को मोड़ने में ही 1 घंटा लग जाएगा
गाड़ियां लेकर पहुंचे नगर निगम कर्मियों ने कहा कि इस पंप पर जगह कम होने के कारण जाम लग गया है। अगर गाड़ियों में पेट्रोल नहीं भी डाला जाता तब भी गाड़ियों को मोड़कर ले जाने में 1 घंटे से ज्यादा समय लग जाएगा।


