जालंधर के ढेसियां में शरारती तत्वों ने मचाया उत्पात:हवेली में खड़ी ट्रॉली और तूड़ी के कमरे को लगाई आग, पुलिस मामले की कर रही जांच

जालंधर के गोराया क्षेत्र के गांव संग ढेसियां में तड़के शरारती तत्वों ने एक हवेली को निशाना बनाया। वहां खड़ी ट्रॉली और तूड़ी के कमरे को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पीड़ित हवेली मालिक ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार गोराया के गांव संग ढेसियां में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अज्ञात शरारती तत्वों ने एक हवेली में खड़ी ट्रॉली और तूड़ी के कमरे को आग लगा दी। घटना तड़के करीब चार बजे की बताई जा रही है। हवेली मालिक गुरिंदर सिंह उर्फ गिंदी ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह चार बजे पशुओं को चारा डालने और दूध निकालने के लिए हवेली पहुंचे थे। जैसे ही वह अंदर दाखिल हुए, उन्होंने देखा कि ट्रॉली और तूड़ी के कमरे से आग की लपटें उठ रही थीं और आसपास धुएं का गुबार फैला हुआ था। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पाया काबू गुरिंदर सिंह के अनुसार, शरारती तत्व वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो चुके थे। आग इतनी भीषण थी कि उसका धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और संबंधित थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से तीन लाख का नुकसान आग लगने से ट्रॉली के चारों टायर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि तूड़ी के कमरे में रखा चारा और अन्य सामान भी जल गया। इस घटना में करीब तीन लाख रुपये तक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था। पुलिस मामले में कर रहीं जांच घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पीड़ित गुरिंदर सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना में शामिल शरारती तत्वों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *