जालंधर के पैलेस में बाउंसरों की गुंडागर्दी:मासूम बच्चे को बेरहमी से पीटा, बुजुर्ग बैंड मास्टर की पगड़ी उछालने की दी धमकी

जालंधर शहर के होशियारपुर रोड स्थित एक पैलेस में खुशियों भरा माहौल उस वक्त तनाव में बदल गया, जब वहां तैनात बाउंसरों ने एक बैंड पार्टी के सदस्यों और उनके साथ आए एक बच्चे पर हमला कर दिया। आरोप है कि मामूली बात को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद बाउंसरों ने गुंडागर्दी की सारी हदें पार कर दीं और बुजुर्ग बैंड मास्टर की पगड़ी उतारने तक की धमकी दे डाली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित बैंड मास्टर ग्रंथी सिंह ने बताया कि उनकी बैंड पार्टी को एक क्लाइंट ने बुक किया था। जब वे अपना काम कर रहे थे, तो वहां मौजूद 7-8 बाउंसरों ने उन्हें बेवजह परेशान करना शुरू कर दिया। विवाद तब बढ़ा जब बाउंसरों ने बैंड बजाने से रोका, जबकि पार्टी (मेजबान) उन्हें बजाने के लिए कह रही थी। आरोप है कि इस दौरान बाउंसरों ने एक छोटे बच्चे को निशाना बनाया और उसे सीढ़ियों के नीचे ले जाकर लातों और घूसों से बेदर्दी से पीटा।
बुजुर्ग सरदार की पगड़ी का अपमान
पीड़ित ने भावुक होते हुए बताया कि जब उन्होंने बच्चे को बचाने की कोशिश की, तो बाउंसरों ने उनके साथ भी बदतमीजी की। बाउंसरों ने बुजुर्ग को धमकी देते हुए कहा की तू सरदार है, तेरी इज्जत करते हैं, नहीं तो तेरी पगड़ी उतार कर हाथ में दे देंगे। पीड़ित का कहना है कि वे गुरु घर के सेवादार (ग्रंथी) हैं और अपनी पगड़ी की शान के लिए पीछे हट गए, ताकि मर्यादा बनी रहे। मोबाइल छीनने का प्रयास किया जब बाउंसरों की गुंडागर्दी हद से पार हो गई, तो पीड़ित ने सबूत के तौर पर अपने मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की। आरोप है कि बाउंसरों ने तुरंत उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया और उनके साथ हाथापाई की। पीड़ित के अनुसार, पैलेस के मैनेजर ने भी उनकी मदद करने के बजाय उन्हें ही वहां से जाने को कहा, जबकि बच्चा चोट के कारण निढाल पड़ा था।
पुलिस जांच और इंसाफ की गुहार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ितों ने रामा मंडी थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। बैंड पार्टी का कहना है कि वे केवल अपनी मेहनत की रोटी कमाने आए थे, लेकिन उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पैलेस के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और उन बाउंसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए जिन्होंने एक मासूम बच्चे और बुजुर्ग की पगड़ी का अपमान किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *