जालंधर खुदकुशी मामले में पार्षद पति पर तलवार से हमला:मृतक पिता पर आरोप, CCTV कैद, दोनों पक्षो के बयान दर्ज, पुलिस जांच शुरू

जालंधर के वेस्ट हलके में एक युवक की खुदकुशी के मामले में विवाद बढ़ गया है। कुछ दिन पहले मृतक के परिजनों ने धरना प्रदर्शन किया था, जिसमें पार्षद रूपा भगत के पति सुदेश भगत पर आरोप लगाए गए थे। अब मृतक के पिता वरिंदर कुमार उर्फ सोनू पर सुदेश भगत पर तेजधार हथियार से हमला करने का आरोप लगा है, जिसकी CCTV फुटेज सामने आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हंगामा मच गया और लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने थाना इंचार्ज एसएचओ मोहन लाल के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की। दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया, जहां बयान दर्ज किए गए। मृतक के परिवार ने पार्षद के परिवार को दी धमकी पार्षद के पति सुदेश भगत ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि धरने के दौरान भी मृतक के परिवार ने उन्हें और उनके परिवार को हमले की धमकी दी थी। उसके अलावा आज की घटना में भी उन पर हमला किया गया, जो इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति हाथ में तलवार लेकर हमला करने के इरादे से भागता दिख रहा है। 2 साल पहले परिवार की लड़की की मंगनी मृतक युवक से हुई सुदेश भगत ने आगे बताया कि उन्हें और उनके परिवार को मृतक के पिता वरिंदर कुमार उर्फ सोनू व उनके परिवार से जान का खतरा है। उन्होंने खुलासा किया कि करीब 2 साल पहले उनके परिवार की लड़की की मंगनी मृतक युवक से हुई थी, लेकिन उनका इस मामले में कोई सीधा लेना-देना नहीं था। विवाद के बाद आपसी झगड़ा हुआ और लड़की ने युवक को सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था। इस मामले में दोनों पक्ष उनके पास आए थे, लेकिन लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। कारण बताते हुए आरोप लगाया गया कि युवक नशे का सेवन करता है। इसके बाद युवक ने खुदकुशी कर ली। सुदेश भगत का कहना है कि इस मामले में उन पर झूठा केस दर्ज करवाया गया था। वहीं,पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहराई से जांच चल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *