जालंधर के दमोरिया पुल फ्लाईओवर के पास सोमवार रात ट्रक चालक की लापरवाही से कार को टक्कर लग गई। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन टक्कर के बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ कार सवार परिवार की बहस हो गई और थाना प्रभारी पर नशे में होने के आरोप लगाए गए। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए दोनों वाहनों को थाने भिजवाकर मामला शांत कराया। घटना सोमवार रात की है। जानकारी के अनुसार घास मंडी निवासी अनु अपने परिवार के साथ कार से रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दमोरिया पुल फ्लाईओवर के पास एक ट्रक चालक वाहन को पीछे कर रहा था, तभी उसने कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार सवार युवक ट्रक चालक से उलझ पड़े और कहासुनी मारपीट में बदल गई। राहगीरों को आवागमन में परेशानी होने लगी हादसे के बाद ट्रक बीच सड़क पर खड़ा रह गया, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी होने लगी। स्थिति को देखते हुए राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना तीन के प्रभारी जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान कार सवार युवकों ने थाना प्रभारी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए उनका मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की और पुलिस से बहस करने लगे। माहौल को शांत कराया गया मौके पर मौजूद एसीपी संजय सिंह ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन देकर माहौल को शांत कराया। इसके बाद ट्रक और कार दोनों को थाने ले जाया गया। वहीं, थाना प्रभारी जसविंदर सिंह ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई तथ्य होता तो वह स्वयं जांच के लिए तैयार थे। एसीपी संजय सिंह ने भी स्पष्ट किया कि रोड क्लीयर कराने को लेकर बहस हुई थी, लेकिन थाना प्रभारी के नशे में होने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


