जालंधर नगर निगम में लिफ्ट में फंसी महिला:गुस्साए कर्मचारियों ने XEN समेत दो अधिकारियों के कमरों पर जड़ा ताला

जालंधर के नगर निगम जालंधर कार्यालय में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब लिफ्ट खराब होने के कारण एक हैंडीकैप महिला और हार्ट मरीज नगर निगम कर्मी लिफ्ट में फंस गए। करीब 15 से 20 मिनट तक दोनों के लिफ्ट में फंसे रहने से कर्मचारियों में रोष फैल गया। गुस्साए कर्मियों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए XEN सहित दो अधिकारियों के कमरों को ताला जड़ दिया। घटना आज उस समय हुई जब हैंडीकैप महिला और नगर निगम का एक कर्मचारी, जो हार्ट का मरीज बताया जा रहा है, किसी कार्य के लिए लिफ्ट के जरिए चौथी मंजिल पर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट बीच में बंद हो गई और दोनों उसमें फंस गए। कर्मचारियों के अनुसार, काफी देर बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। दफ्तर की लिफ्टें पिछले तीन से चार महीनों से खराब कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम दफ्तर की लिफ्टें पिछले तीन से चार महीनों से खराब पड़ी हैं और इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि लापरवाही के चलते आए दिन कर्मचारी और आम लोग लिफ्ट में फंस जाते हैं, जिससे जान का खतरा बना रहता है। कमरे पर जड़ा ताला इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि लिफ्ट को दुरुस्त न कराए जाने को लेकर नाराज कर्मचारी XEN सुखविंदर को दफ्तर से बाहर निकालते हुए उनके कमरे पर ताला जड़ रहे हैं। इससे पहले एससी धवन के कमरे को भी सील कर दिया गया था। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द लिफ्ट की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *