लुधियाना| जालंधर बाईपास इलाके में फैक्ट्री मजदूरों को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को थाना सलेम टाबरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके साथ चोरी के मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार को भी पकड़ा है। जांच अधिकारी हरमेश लाल ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से भटियां इलाके से आरोपियों को ट्रेस कर दबोचा। यह गिरोह जालंधर बाईपास से लेकर हार्डी वर्ल्ड जाने वाले रास्ते पर शाम 6 बजे के बाद वारदात को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ज्यादातर फैक्ट्री मजदूरों को निशाना बनाते थे। लूट के बाद चोरी किए गए मोबाइल फोन बहादुर-के रोड स्थित दुकानदार पृथ्वी राज को बेच दिए जाते थे। आरोपी पृथ्वी राज पुत्र जेला सिंह, निवासी गगनदीप कॉलोनी, भटियां को चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। लुटेरा गिरोह के पकड़े गए सदस्यों की पहचान जसवीर, सोमनाथ पुत्र रमेश लाल और मनप्रीत सिंह पुत्र बनारसी दास, सभी निवासी गुरूहरराये के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल और हथियार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है।


