जालंधर में बार एसोसिएशन ने पुलिस पर लापरवाही और पक्षपात का आरोप लगाते हुए आज (मंगलवार) फिर से अदालतों में ‘नो वर्क डे’ रहेगा। जिसके चलते आज कोर्ट में सारा कामकाज ठप रहा। बार एसोसिएशन से जुड़े वकीलों द्वारा आज भी कोई काम नहीं किया जाएगा। अगले स्टेप के बारे में आज शाम तक क्लियर हो जाएगा। एसोसिएशन ने सभी वकीलों, न्यायिक अधिकारियों और प्रशासनिक विभागों से सहयोग करने की अपील की है। बता दें कि सोमवार को देर शाम तक चली वकीलों की मीटिंग में फैसला लिया गया था कि मंगलवार को भी नो वर्किंग डे रहेगा। साथ ही साथ बार काउंसिल ने रेजोल्यूशन पास किया है कि जल्द से जल्द एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। मामले में काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा भी मामले में संज्ञान लिया गया है। उन्होंने पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव को मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। आज जालंधर कमिश्नरेट के अधिकारियों के साथ वकीलों को बैठक होगी, जिसके बाद मामले में अगली रणनीति पर फैसला लिया जाएगा। वकील को दी थी धमकी, रंगदारी भी मांगी थी जालंधर के वरिष्ठ वकील मंदीप सिंह सचदेव को कनाडा से संचालित एक फेसबुक अकाउंट के जरिए रंगदारी और जान से मारने की धमकियां मिल रही थी। संदेश भेजने वाले ने वकील से 1.5 लाख रुपए की मांग की और पैसे न देने पर सोशल मीडिया पर झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की धमकी दी थी। साथ ही वकील के परिवार की तस्वीरें फेसबुक से डाउनलोड कर उन्हें सार्वजनिक करने की चेतावनी भी दी गई। जांच में सामने आया कि यह फेसबुक अकाउंट कनाडा में रह रहे संदीप सिंह उर्फ सन्नी द्वारा चलाया जा रहा था। सीआईए स्टाफ ने वकील के सहयोग से जाल बिछाकर उस शख्स को पकड़ा, जो पैसे लेने आया था। उसने कबूल किया कि वह खुद भी कनाडा में बैठे आरोपी के दबाव में है और उसी के कहने पर आया था। पुलिस ने जतिंदर सिंह उर्फ साबी, संदीप सिंह उर्फ सन्नी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। केस में रैणक बाजार के कपड़ा व्यापारी संजू अरोड़ा उर्फ सैम कवात्रा को भी आरोपी बताया गया था, मगर जब जांच की तो पता चला कि वह खुद भी पीड़ित है और उसने थाना साइबर सेल में शिकायत दी हुई थी।


