जालंधर में आज सरदार फौजा सिंह की अंतिम अरदास:​​​​​​​दुनिया के सबसे उम्रदराज धावक थे, एक्सीडेंट में बीते दिन हुई थी मौत

दुनिया के सबसे उम्रदराज और ‘टर्बन टॉरनेडो’ के नाम से मशहूर मैराथन धावक फौजा सिंह की अंतिम अरदास और अखंड पाठ का भोग आज यानी बुधवार को होगा। यह रस्म पठानकोट-जालंधर हाईवे स्थित गुरुद्वारा श्री बाबे शाहिदा समरतपुर में संपन्न होगी। दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक का ये अरदास चलेगी। बीते 14 जुलाई को सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। 20 जुलाई को उन्हें पूरे सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन कर दिया गया। 114 वर्षीय फौजा सिंह दुनिया के सबसे उम्रदराज मैराथन धावक थे, जिन्होंने 80 वर्ष की उम्र में दौड़ना शुरू किया और 90 साल की उम्र में इंग्लैंड में अपनी पहली मैराथन पूरी की। 100 साल की उम्र में उन्होंने टोरंटो में आयोजित मैराथन में विश्व रिकॉर्ड कायम किया और अपना नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक में दर्ज करवाया। फौजा सिंह लंबे समय तक इंग्लैंड में अपने बड़े बेटे सुखजिंदर सिंह के साथ रहे। वहां उन्होंने 26 वर्षों तक रहकर कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। 80 साल की उम्र में दौड़ की शुरुआत करने वाले फौजा सिंह ने अपनी फिटनेस और जज्बे से पूरी दुनिया में मिसाल कायम की। फौजा सिंह की मौत पर प्रधानमंत्री ने भी जताया था दुख 14 जुलाई की दोपहर को जालंधर में सैर करते समय एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां देर शाम इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। हादसे के बाद खेल जगत और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री भगवंत मान, कई केंद्रीय और राज्य स्तर के नेताओं और खेल जगत के दिग्गजों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और दुख जताया था। पुलिस ने गिरफ्तार किया था NRI व्यक्ति फौजा सिंह की मौत के बाद पुलिस ने हिट एंड रन मामले की जांच शुरू की। करीब 30 घंटे के भीतर पुलिस ने एनआरआई आरोपी अमृतपाल सिंह ढिल्लों को गिरफ्तार कर लिया। जिस फॉर्च्यूनर कार से फौजा सिंह को टक्कर मारी गई थी, उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आज उनकी अंतिम अरदास और अखंड पाठ की रस्म में बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और खेल जगत की हस्तियां शामिल होने की उम्मीद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *