जालंधर में लूट और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला शहर के शक्ति नगर इलाके से सामने आया है। जहां दिनदहाड़े घर के बाहर खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी को चोर महज 20 सेकेंड में चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक घर के बाहर खड़ी सफेद रंग की एक्टिवा पर बैठता है और कुछ पल इधर-उधर देखता है। इसके बाद वह बिना किसी डर के एक्टिवा स्टार्ट करता है और दोनों युवक तेजी से मौके से फरार हो जाते हैं। पुलिस को दी गई शिकायत घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पीड़ित परिवार की ओर से मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है और इलाके में गश्त बढ़ाने की बात कही जा रही है।


