जालंधर में बाल भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला स्तरीय चाइल्ड बेगिंग प्रिवेंशन टास्क फोर्स ने दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई की। टीमों ने जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 11 बच्चों को रेस्क्यू किया । जिनमें 10 लड़कियां शामिल हैं।सोशल सिक्योरिटी, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लंबे समय बाद जालंधर में इस स्तर की कार्रवाई की गई है। बीते दो दिनों में कुल 21 बाल भिक्षुकों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जिनमें 16 लड़कियां और 5 लड़के शामिल हैं। रेलवे स्टेशन से लेकर मंदिरों तक छापेमारी जिला कार्यक्रम अधिकारी मनजिंदर सिंह ने बताया कि यह अभियान विभाग द्वारा जीवनजोत प्रोजेक्ट के तहत चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत चाइल्ड बेगिंग प्रिवेंशन टास्क फोर्स की अलग-अलग टीमों ने आज जालंधर रेलवे स्टेशन, जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन, देवी तालाब मंदिर के आसपास, पठानकोट चौक सहित शहर के कई इलाकों में छापेमारी की।इसके अलावा जिला के विभिन्न ब्लॉकों में भी चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर्स की अगुवाई में टीमों ने जांच की। यह कार्रवाई विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा की गई। बच्चों का मेडिकल और CWC में पेशी मनजिंदर सिंह ने बताया कि रेस्क्यू किए गए बच्चों का पहले सिविल अस्पताल जालंधर में मेडिकल चेकअप कराया गया, जिसके बाद उन्हें बाल कल्याण समिति (CWC), जालंधर के समक्ष पेश किया गया। इस मौके पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी अजय भारती समेत विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। पहले दिन 10 बच्चे किए गए थे रेस्क्यू उन्होंने बताया कि पहले दिन यानी कल 10 बच्चों (6 लड़कियां और 4 लड़के) को रेस्क्यू किया गया था। सभी बच्चे 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के हैं। कल की कार्रवाई में बस स्टैंड जालंधर समेत शहर के प्रमुख चौराहों और ग्रामीण इलाकों में छापेमारी की गई थी। लगातार चलेगा अभियान जिला कार्यक्रम अधिकारी ने साफ कहा कि बाल भिक्षावृत्ति खत्म करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जालंधर को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान टीमों को कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, क्योंकि बच्चे भाग जाते हैं या इधर-उधर बिखर जाते हैं। शुरुआती छापों के बाद कई जगहों पर बच्चे दिखाई नहीं देते।रेस्क्यू की गई लड़कियों को जालंधर के चिल्ड्रन होम में और लड़कों को लुधियाना स्थित होम में भेजा गया है। बाल श्रम पर भी होगी कार्रवाई बाल श्रम को लेकर पूछे गए सवाल पर मनजिंदर सिंह ने कहा कि आने वाले समय में बाल श्रम के खिलाफ भी छापेमारी की जाएगी। उन्होंने माना कि क्षेत्र में बाल श्रम की समस्या है और इसे रोकने के लिए भी विभाग सक्रिय कदम उठाएगा।


