जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार थार बेकाबू होकर डरोना गार्डन के सामने गुप्ता सेंटरी स्टोर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दुकान का शटर टूटकर अंदर रखा सामान बिखर गया। सीसीटीवी फुटेज में कैद इस घटना में साफ देखा गया कि थार चालक ने सड़क पर जा रहे एक पैदल व्यक्ति को कुचलने की कोशिश की। हालांकि वह शख्स बाल-बाल बच गया, लेकिन गाड़ी सीधे दुकान में जा टकराई। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हादसे में थार चालक गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि वाहन में बैठे एक अन्य युवक और एक नाबालिग को भी चोटें आईं। गाड़ी के एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। थार की पिछली सीट से शराब की बोतलें भी बरामद हुईं। दुकान मालिक बोले- हमारी दुकान का भारी नुकसान हुआ दुकान मालिक भूपिंदर गुप्ता ने बताया कि उन्हें फोन पर हादसे की सूचना मिली। जब वह मौके पर पहुंचे तो पाया कि दुकान का शटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। उन्होंने कहा, थार मालिक मौके पर पहुंचा और गाड़ी के नुकसान की चिंता करने लगा, लेकिन हमारी दुकान के भारी नुकसान पर कोई बात नहीं की। गनीमत यह रही कि हादसे के समय दुकान बंद थी, वरना बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल चालक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहीं सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वाहन से बरामद शराब की बोतलें भी जब्त कर ली हैं।


