जालंधर में युवक की हत्या:2 भाई भी घायल, स्कॉर्पियो में सवार 10-15 हथियारबंद लोग पहुंचे, पुरानी रंजिश में किया हमला

जालंधर में देर रात करीब एक दर्जन हमलावरों ने तीन भाइयों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और वहां से फरार हो गए। घटना में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दो भाइयों को इलाज के लिए जालंधर पठानकोट हाईवे पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद रामा मंडी थाने की पुलिस जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार रात 10:45 बजे रामा मंडी थाने के अंतर्गत आने वाले सुच्ची पिंड में हुई। तीनों भाइयों पर पुरानी रंजिश के चलते हमला किया गया। मृतक की पहचान सुच्ची पिंड निवासी मनदीप सिंह के रूप में हुई है। वहीं भाई मुकेश कुमार और पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। मंदीप सैर करने के लिए घर से निकला था मिली जानकारी के अनुसार मंदीप सिंह खाना खाने के बाद सैर करता हुआ अपने भाई पवन की दुकान पर पहुंचा था। जहां तीनों भाई और उनके पिता जयराम बैठे बातें कर रहे थे। तभी काले रंग की स्कॉर्पियो में साथियों सहित सवार होकर आए प्रिंस नामक युवक उनकी दुकान के पास ढाबे में बैठी एक महिला से पता पूछने लगा, जब मनदीप दुकान से बाहर निकला तो प्रिंस ने साथियों सहित मनदीप पर तेजधार हथियारों से वार करना शुरू कर दिया। मनदीप को बचाने आए उसके भाई मुकेश और पवन पर भी बदमाशों ने हमला कर दिया। तीनों को खून से लथपथ देख आरोपी मौके से स्कॉर्पियो में फरार हो गए। पीड़ित पिता जयराम के मुताबिक अंधेरा होने के चलते कार का नंबर नहीं देखा जा सका। आसपास के लोगों ने पीड़ित को पहुंचाया अस्पताल मिली जानकारी के अनुसार आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल भाइयों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मंदीप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *