जालंधर में हाईवे पर ASI की सड़क हादसे में मौत:बुआ से मिलने जा रहा था, अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी; इलाज दौरान दम तोड़ा

पंजाब के जालंधर में गोराया के पास हाईवे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस के 54 साल के एएसआई की मौत हो गई। मृतक की पहचान लुधियाना के रहने वाले 54 वर्षीय बलवीर चंद पुत्र मदन लाल के रूप में हुई है। जिसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है। वहीं, जालंधर देहात पुलिस के थाना गोराया की पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। जिससे तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने वाले आरोपी का पता लगाया जा सके। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, डीएमसी में इलाज दौरान मौत पुलिस को दिए गए बयानों में मृतक एएसआई बलवीर चंद के बेटे सचिन ने कहा- उसके पिता लुधियाना के कमिश्नरेट पुलिस में बतौर एएसआई अपनी सेवाएं निभा रहे थे। रोजाना की तरह एएसआई बलवीर चंद अपनी ड्यूटी पर गए थे। अपना काम खत्म कर बलवीर चंद जालंधर में अपनी बुआ से मिलने के लिए बाइक पर निकले थे। जब एएसआई बलवीर अपने बाइक पर सवार होकर गोराया के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचे तो पलाजा होटल के आगे पुल के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें साइड मार दी। जिससे वह अपने बाइक सहित अनियंत्रित हो गए और रोड पर गिर गए। घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं थी। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में ले जाना पड़ा। जहां बलवीर सिंह की मौत हो गई। थाना गोराया में दर्ज किया गया केस, जांच जारी मिली जानकारी के अनुसार थाना गोराया में तैनात एएसआई सुरिंदर पाल ने मामले की जांच शुरू की और सचिन के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच के लिए पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *