जालोर जिले के केशवना स्थित गवर्नमेंट एग्रीकल्चर कॉलेज में लंबे समय से व्याख्याता नहीं होने के कारण स्टूडेंट्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परेशान छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को एडीएम को ज्ञापन दिया और कार्रवाई की मांग की। छात्र अंकित शर्मा ने बताया कि मेरा फोर्थ सेमेस्टर पूरा हो गया, लेकिन आज तक कोई भी व्याख्याता नहीं होने से करीब 60 में से 50 स्टूडेंट्स के बैक आया है। कॉलेज में व्याख्याताओं के नहीं होने से करीब 450 स्टूडेंट्स की पढ़ाई डिस्टर्ब हो रही हैं। साथ ही कॉलेज में साफ-सफाई भी नहीं हो जिससे कॉलेज में बैठ भी नहीं सकते हैं। उन्होंने बताया कि व्याख्याता की मांग को लेकर पहले भी जिला शिक्षा अधिकारी व कलेक्टर को ज्ञापन देकर व्याख्याता लगाने की मांग की है। लेकिन कार्रवाई नहीं की जा रही है। छात्रों ने कलेक्टर पर आरोप लगाया कि पहले भी कई बार हमारी मांग को लेकर ज्ञापन दे चुके हैं, पिछली बार ज्ञापन देने पहुंचे तो कलेक्टर ने कहा था कि वे इसमें क्या कर सकते हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा था कि हमारे पास कोई पावर नहीं है। उन्होंने बताया कि केशवना में कॉलेज का नया भवन बनकर तैयार हो गया हैं। लेकिन अभी तक शिफ्ट नहीं किया गया है। इसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


