जालोर के शाह गेनाजी पुंजाजी स्टेडियम में 15 से 17 फरवरी तक पर्यटन विभाग राजस्थान, जिला प्रशासन और जालोर विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में जालोर महोत्सव का आयोजन होगा। मंगलवार को मुख्य समन्वयक और एसडीएम मनोज कुमार चौधरी ने महोत्सव स्थल का जायजा लिया। इस दौरान महोत्सव के तहत नटराज मंच पर सांस्कृतिक प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की अंतिम चयन सूची भी जारी की गई। जालोर महोत्सव के समन्वयक रतन सुथार ने बताया कि 15 फरवरी से शोभायात्रा के साथ जालोर महोत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत होगी। जालोर महोत्सव स्थल स्टेडियम प्रांगण का जायजा मुख्य समन्वयक व एसडीएम मनोज कुमार चौधरी ने कोर कमेटी के सदस्य नितिन सोलंकी व हितेश प्रजापत, समन्वयक रतन सुथार, सांस्कृतिक टीम के महेश भट्ट व रितु टांक के साथ स्टेडियम प्रांगण का निरीक्षण किया। मेला, सांस्कृतिक प्रतियोगिता के नटराज मंच, खेलकूद प्रतियोगिता के मैदान की व्यवस्था देखकर दिशा निर्देश दिए। एसडीएम मनोज कुमार चौधरी ने बताया- जालोर महोत्सव को भव्य रूप देने के साथ मेला स्थल पर आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो, उसका पूरा ख्याल रखा जाए। वहीं यातायात व पार्किंग की भी उचित व्यवस्था की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने पानी, छाया व विद्युत व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाने की बात कही। सांस्कृतिक प्रतियोगिता के ऑडिशन के बाद अंतिम चयन सूची जारी
जालोर महोत्सव में नटराज मंच पर सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के ऑडिशन के बाद अंतिम चयन सूची मंगलवार को जारी की गई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेंद्र नगर व सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चयन सूची चस्पा की गई। सांस्कृतिक प्रभारी महेश भट्ट ने बताया कि सांस्कृतिक प्रतियोगिता के एकल नृत्य सब जूनियर में 15 , एकल नृत्य जूनियर में 25, एकल नृत्य सीनियर में 25, समूह नृत्य में 15, एकल गायन सीनियर में 15, समूह गायन में आठ, मिस जालोर में 15 व मिस्टर जालोर में 15 प्रतिभागियों का चयन किया गया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में सब जूनियर चित्रकला में मेरा पसंदीदा पक्षी, जूनियर चित्रकला में महाकुंभ का चित्रण व सीनियर चित्रकला में मेरा जालोर 2050 थीम पर चित्रकला की आकृति उकेरनी होगी।


