जालोर जिले में 14 दिसंबर को बजरंग दल की ओर से शौर्य संचालन और धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। धर्मसभा में शामिल होने के लिए संत-महात्माओं को न्योता दिया जा रहा है। हिंदू संगठन से जुड़े दिनेश जीनगर ने बताया कि 14 दिसंबर को दोपहर 12 बजे भगतसिंह स्टेडियम में बजरंग दल की ओर से धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। धर्मसभा की अध्यक्षता मांडवला के समाजसेवी एवं गोभक्त जोधाराम चौधरी करेंगे। कार्यक्रम में पाली से विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं गणेश मंदिर के राजुगिरी महाराज का सानिध्य भी रहेगा। धर्मसभा के दौरान विभिन्न सामाजिक और धार्मिक विषयों पर चर्चा की जाएगी। दोपहर 1 बजे निकलेगा शौर्य संचलन धर्मसभा के बाद दोपहर 1 बजे भगतसिंह स्टेडियम से बजरंग दल की ओर से शौर्य संचलन निकाला जाएगा। साधु-संतों द्वारा भगवा पताका दिखाकर रैली को रवाना किया जाएगा। यह शौर्य संचलन सूरज पोल, गांधी चौक, माणक चौक, वीरमदेव चौक, सुभाष मार्केट, घांचियों की पिलानी, बड़ी पोल, पंचायत समिति, हरिदेव जोशी सर्कल, हॉस्पिटल चौराहा और राजेंद्र नगर से होते हुए पुनः भगतसिंह स्टेडियम पहुंचेगा। 500 गणवेशधारी कार्यकर्ता होंगे शामिल आयोजकों के अनुसार शौर्य संचलन में करीब 500 गणवेशधारी बजरंग दल के कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली के समापन पर भगतसिंह स्टेडियम में प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन को लेकर शहर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।


