जालोर में नगर परिषद ठेकेदार ने नशे में मचाया कहर:बिजली के खंभे को तोड़ती हुई सैलून के कैबिन में घुसी कार, पिता-बेटी और युवक कुचलने से बचे

जालोर में नगरपरिषद का एक ठेकेदार मंगलवार रात शराब के नशे में तेज रफ्तार कार दौड़ाता हुआ कहर बनकर टूटा। कार पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर सैलून के कैबिन में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल तीन फीट तक टूटकर जमीन पर टिक गया। सब्जी के ठेले पर खड़े पिता-बेटी और एक युवक कुचलने से बच गए। लेकिन युवक का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि पिता-बेटी को गंभीर हालत में पालनपुर रेफर करना पड़ा। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने ठेकेदार को कार से खींचकर बाहर निकाला और उसकी पिटाई कर दी। हादसा मंगलवार रात करीब 8.30 बजे भागली रोड पर मोहनजी की प्याऊ के पास हुआ। घर लौटने की तैयारी में था सब्जी विक्रेता प्रत्यक्षदर्शी दिनेश कुमार देवासी ने बताया कि जालंधर नाथ नगर निवासी गणेशाराम (40) पुत्र सवाराम देवासी अपनी बेटी हीना (16) के साथ भीनमाल रोड स्थित थर्ड फेज में मोहनजी की प्याऊ के पास सब्जी बेचता है। सब्जी ठेले के पीछे नागौर निवासी चंपालाल सैन का ‘सुनील हेयर ड्रेसर’ नाम से कैबिन लगा हुआ है, जो मंगलवार को बंद था। रात करीब 8.30 बजे गणेशाराम सब्जी समेटकर घर जाने की तैयारी कर रहा था, तभी जालोर की ओर से आई कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे भारत गैस के बोर्ड और बिजली के खंभे से टकराती हुई कैबिन में जा घुसी। बिजली का खंभा टूटा, बड़ा हादसा टला टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का खंभा जमीन से करीब तीन फीट तक टूट गया। गनीमत रही कि खंभा तारों पर ही लटका रहा और तार नहीं टूटे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। कार के एयरबैग खुलने से ड्राइवर को कोई गंभीर चोट नहीं आई। तीन लोग चपेट में आए, पिता की हालत गंभीर कैबिन के सामने मौजूद गणेशाराम, उसकी बेटी हीना और सब्जी खरीदने आए एक युवक कार की चपेट में आ गए। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को जालोर के सामान्य चिकित्सालय लाया गया। जांच में गणेशाराम के हाथ और पैर में फ्रैक्चर पाए गए, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पालनपुर रेफर कर दिया गया। बेटी हीना और अन्य युवक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। नशे में कार में बैठा रहा ठेकेदार, लोगों ने निकाला बाहर प्रत्यक्षदर्शी मुकेश ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार सवार कैलाश शर्मा नशे की हालत में होने के बावजूद कार में ही बैठा रहा। लोगों ने उसे बाहर निकाला। कार से शराब की दो बोतलें भी मिलीं। इससे गुस्साए लोगों ने ठेकेदार की पिटाई कर दी। ग्रेनाइट व्यापारियों ने कराया बीच-बचाव, पुलिस को सौंपा स्थिति बिगड़ती देख कुछ ग्रेनाइट व्यापारियों ने बीच-बचाव कर चालक को भीड़ से छुड़ाया और पुलिस को सूचना दी। घटना के करीब सवा घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार सवार को अपने कब्जे में लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना को लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *