जालोर के निंबलाना गांव में नर्मदा की पाइप-लाइन बार-बार लीकेज हो रही है। इससे इलाके के किसानों की फसलें चौपट हो रही हैं। किसान कर्ज में डूब रहे हैं। हाल ही में रविवार को एक बार फिर पाइपलाइन में भारी लीकेज हो गया। इससे आसपास के खेतों में पानी से भर गया। किसानों का कहना है कि कुछ महीनों में 10 बार पाइपलाइन फट चुकी है। सिंचाई विभाग स्थायी समाधान नहीं कर रहा है। किसान बाबूलाल चौधरी ने बताया- लगातार लीकेज से लाखों रुपए की फसल, अनार व जीरे की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं। नुकसान के बाद फिर कर्ज लेकर खेती करते हैं किसान बाबूलाल चौधरी ने बताया- हर बार पाइपलाइन फटती है, खेत डूब जाते हैं। फसल खराब हो जाती है। हमें फिर से कर्ज लेकर खेती करनी पड़ती है। कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन समाधान नहीं हो रहा। ग्रामीणों के अनुसार- नर्मदा विभाग के अधिकारियों को कई बार मौके पर बुलाया। शिकायतें दर्ज करवाई। फोटो व वीडियो भेजे। लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। विभाग केवल अस्थायी पैचवर्क कर देते हैं। जिससे कुछ दिन बाद पाइपलाइन फिर फट जाती है और किसानों को दोबारा नुकसान झेलना पड़ता है। ग्रामीणों ने नर्मदा विभाग से आग्रह किया है कि बार-बार हो रहे लीकेज का स्थायी समाधान किया जाए। जब तक पाइपलाइन को सही तरीके से दुरुस्त नहीं किया जाएगा, तब तक किसानों की फसलें सुरक्षित नहीं रह सकतीं।


