जालोर जिले में पिछले 3 दिनों से सर्दी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने और करीब 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली शीतलहर के कारण तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 20.6 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री की गिरावट के साथ 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद शुक्रवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे ठंड और तेज हो गई। बादलों की आवाजाही और शीत लहर के असर से पूरे दिन ठिठुरन बनी रही। दोपहर के समय हल्की धूप निकलने के बावजूद लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल सकी। शीतलहर का असर बना रहेगा शनिवार की सुबह से भी आसमान में बादल छाए हुए हैं और तेज गति से ठंडी हवाओं का दौर जारी है। ठंड के चलते दिन में भी लोगों को कंपकंपी महसूस हुई। कई स्थानों पर लोग अलाव जलाकर तापते हुए नजर आए, वहीं आमजन दिन के समय भी ऊनी कपड़े पहने दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक जालोर जिले में शीतलहर का असर बना रहेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना जताई गई है।


