जालोर शहर में स्टेडियम के बहुद्देशीय हॉल में ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया। जिसमें युवाओं ने 200 यूनिट ब्लड डोनेट किया। यह कैंप वीर वीरम देव कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कालूसिंह भाटी की तीसरी पुण्यतिथि पर लगाया गया। कैंप में कॉलेज स्टूडेंट्स की खास मौजूदगी रही। रक्तदान शिविर में बाड़मेर, जालोर समेत जिले भर से बड़ी संख्या में राजपूत समाज के लोग, महाविद्यालय के विद्यार्थी, पूर्व छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। युवाओं ने कालू सिंह भाटी अमर रहें के नारे लगाए। आयोजकों ने बताया- शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कालू सिंह भाटी के सामाजिक सरोकारों, छात्र हित में किए गए कार्यों को याद किया और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाजसेवी के कार्यों में आगे आना चाहिए। शिविर के सफल आयोजन में स्वयंसेवकों व चिकित्सा टीम का विशेष सहयोग रहा।


