आहोर उपखंड क्षेत्र के कोराना गांव में सोमवार देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव के बाहर कोराना से रामा और भाद्राजून को जोड़ने वाली सड़क पर अचानक सीसी रोड धंस गई, जिससे ग्रेनाइट ब्लॉक से भरा एक ट्रक बेकाबू हो गया। ट्रक पर लदे तीन भारी ब्लॉक नीचे गिर गए। गनीमत रही कि उस समय मौके पर कोई राहगीर या दूसरा वाहन मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। कमजोर हिस्से से गुजरते ही धंसी सड़क कोराना निवासी रमेश पटेल ने बताया कि सोमवार देर शाम ग्रेनाइट ब्लॉक से भरा ट्रक जैसे ही गांव के बाहर सड़क के कमजोर हिस्से से गुजरा, तभी सीसी रोड धंस गई। सड़क धंसने से ट्रक एक ओर से पूरी तरह दब गया और उस पर रखे तीन बड़े ब्लॉक नीचे गिर गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। क्रेन की मदद से हटाए ब्लॉक, देर रात खुला रास्ता घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से व्यवस्था संभाली। देर रात तक क्रेन की सहायता से सड़क पर गिरे ब्लॉक हटाए गए और ट्रक को बाहर निकाला गया, तब जाकर मार्ग को सुचारू किया जा सका। सड़क की बदहाली बनी हादसे की वजह ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा सड़क की बदहाल स्थिति के कारण हुआ। सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के दौरान पानी के बहाव से सड़क के नीचे की मिट्टी का कटाव हो गया था, जिससे अंदर से सड़क खोखली हो चुकी थी। ट्रक और भारी ब्लॉकों के वजन के कारण सीसी रोड टूट गई और हादसा हो गया। पहले भी दी थी चेतावनी, नहीं हुई कार्रवाई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस सड़क की स्थिति को लेकर कई बार सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों की अनदेखी के चलते सड़क अब हादसों का कारण बनती जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है।


